Breaking
Thu. Aug 20th, 2026

विश्व फोटोग्राफी दिवस पर जुटे जमशेदपुर के फोटोग्राफर, आधुनिक तकनीक और विजुअल आर्ट पर हुई चर्चा

जमशेदपुर। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर (PAJ) की ओर से आदित्यपुर स्थित ऑटो क्लस्टर सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में शहर के करीब 100 से अधिक फोटोग्राफरों और संस्था के सक्रिय सदस्यों ने भाग लेकर फोटोग्राफी के बदलते स्वरूप, आधुनिक तकनीक और अपने अनुभवों को साझा किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद केक काटकर विश्व फोटोग्राफी दिवस की खुशियां मनाई गईं। समारोह में फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष आनंद सिंह, उपाध्यक्ष कमलेश कुमार, महासचिव दलजीत सिंह, सहसचिव राजेश चौहान और बलराम सरदार, कोषाध्यक्ष शिव शंकर गोराई तथा सह कोषाध्यक्ष विनय कुमार सहित संस्था के कार्यकारिणी सदस्य रणजीत सिंह गाबरी, हरि नारायण प्रसाद, ओमप्रकाश शाह, रजनीश उपाध्याय, रवि कुशवाहा और नंदू रजक मौजूद रहे।

आयोजन के दौरान फोटोग्राफी के क्षेत्र में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने कैमरा तकनीक, डिजिटल माध्यमों और विजुअल आर्ट के बढ़ते महत्व को लेकर अपने विचार रखे। फोटोग्राफरों ने कहा कि बदलते दौर में तकनीक के साथ कदम मिलाते हुए रचनात्मकता और गुणवत्ता को बनाए रखना भी जरूरी है।

कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों ने अपने पेशेवर अनुभव साझा किए और फोटोग्राफी के क्षेत्र में नए अवसरों तथा संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान सदस्यों ने आपसी सहयोग के साथ फोटोग्राफी के क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ स्वादिष्ट व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई थी, जिसका उपस्थित लोगों ने आनंद उठाया। कार्यक्रम ने फोटोग्राफरों को एक-दूसरे से जुड़ने और अपने अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान किया।

Related Post