राजनगर। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच-220 पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना बाघरायसाई गांव के समीप सड़क के तीखे मोड़ पर हुई। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, पोटका थाना क्षेत्र के चारडीहा गांव निवासी चार युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर राजनगर बाजार आए थे। बाजार का काम पूरा करने के बाद सभी मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बाघरायसाई गांव के पास सामने से तेज गति में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों के माध्यम से राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद आकाश पात्रो, करीब 25 वर्ष, को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में टीका राम सरदार, भोला सरदार और हीरा गोप गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चिकित्सकों ने तीनों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में मातम छा गया, जबकि चारडीहा गांव में भी शोक का माहौल है।

