जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड अंतर्गत बालिजुड़ी पंचायत में लगातार बारिश के बाद बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। सुवर्णरेखा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के साथ चुड़िया-मोहाना खाल समेत विभिन्न जलस्रोतों का पानी फैलने से बालिजुड़ी पंचायत के कई गांव जलमग्न हो गए हैं। बालिजुड़ी गांव के अलावा करियाकोचा, भादुआकोचा, गाड़ाडीह और भालकाधोड़ा समेत आसपास के क्षेत्रों में पानी भर जाने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।
बाढ़ के पानी के कारण जगह-जगह बनी पुलिया और संपर्क मार्ग डूब गए हैं। बालिजुड़ी से ज्वालकाटा, गुड़ाबांदा प्रखंड मुख्यालय और पंचायत भवन तक आने-जाने वाले मार्गों पर पानी जमा होने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि संपर्क मार्गों के जलमग्न होने के कारण उन्हें जरूरी सरकारी कार्यों के लिए प्रखंड कार्यालय पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बाढ़ के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षाओं पर भी असर पड़ा है। कई छात्र-छात्राएं पानी और खराब आवागमन व्यवस्था के कारण समय पर परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। पंचायत से जुड़े आवश्यक कार्य भी प्रभावित हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में यह समस्या हर वर्ष गंभीर रूप लेती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों से मामले में तत्काल ध्यान देने की मांग की है। उनका कहना है कि चुड़िया-मोहाना खाल समेत प्रमुख स्थानों पर बनी पुलिया को ऊंचा और चौड़ा किया जाना जरूरी है, ताकि बरसात के दौरान पानी का बहाव बाधित न हो और गांवों का संपर्क बना रहे।
मौके पर पंचायत पीएस सिनगो हांसदा, ग्राम प्रधान गणेश देहरी, एनएसएस कार्यकर्ता प्रणव मर्दिना, शिवशंकर घोष, बाया पांडा, दीपक घोष, सुनील सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

