*कोलकाता :* बुधवार तड़के कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में स्थित फ्री स्कूल स्ट्रीट के एक होटल में भीषण आग लगने से 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में बांग्लादेश के नागरिक शामिल हैं। हादसे में 6 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
फायर ब्रिगेड के अनुसार, आग तड़के करीब 2:45 बजे लगी। उस समय होटल में अधिकांश लोग गहरी नींद में सो रहे थे। आग लगने के बाद होटल के कमरों और गलियारों में तेजी से धुआं भर गया, जिससे लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका।
सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां, आपदा प्रबंधन की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन जारी है।
बताया जा रहा है कि होटल में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी। होटल के अंदर रास्ते काफी संकरे थे और पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था भी नहीं थी। वहीं, रात के समय मुख्य बाहरी रास्ता बंद होने के कारण कई लोग अंदर ही फंस गए। पुलिस और दमकल विभाग अब होटल की सुरक्षा व्यवस्था और वैध NOC समेत अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। लापरवाही सामने आने पर होटल प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

