Breaking
Tue. Sep 29th, 2026

बोकारो:- पिंड्राजोरा थानाक्षेत्र के काजुवन के पास मंगलवार की शाम सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान बाजुडीह गांव निवासी विजय माहथा के रूप में हुई है। हादसा धनबाद-पुरुलिया मुख्य सड़क पर हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय माहथा प्रतिदिन की तरह मंगलवार की शाम करीब साढ़े छह बजे अपने घर से कांड्रा स्थित आरएनसी कंक्रीट फैक्ट्री में ड्यूटी के लिए बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान काजुवन के पास सड़क किनारे एक खराब ट्रक खड़ा था। बताया जा रहा है कि विजय की बाइक अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि विजय के सिर के अगले हिस्से में गंभीर चोट लगी और काफी रक्तस्राव हुआ। घटना की सूचना मिलने पर पिंड्राजोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विजय को बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) ले गई। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को बीजीएच की मर्चरी में रखवा दिया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुटी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और खड़े ट्रक को जब्त कर थाना ले गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

Related Post