Breaking
Tue. Aug 18th, 2026

*25 दिन के छात्र आंदोलन की जीत पर AIDSO ने दी बधाई*

चाईबासा: रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 25 दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन की जीत पर AIDSO झारखंड राज्य सचिव सोहन महतो ने छात्रों को बधाई दी है। मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि यह जीत झारखंड के छात्र आंदोलन के इतिहास में महत्वपूर्ण है। छात्रों के लगातार संघर्ष के परिणामस्वरूप 14वीं जेपीएससी पीटी, जेएसएससी सीजीएल एवं टीडीपीएल कंपनी द्वारा ली गई परीक्षाओं को रद्द किया गया है।

सोहन महतो ने कहा कि झारखंड गठन के 26 वर्षों के दौरान हुई जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल सहित अन्य भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार और अनियमितता के आरोप सामने आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं को अब केवल सरकार बदलने की नहीं, बल्कि व्यवस्था में बदलाव की लड़ाई लड़ने की जरूरत महसूस हो रही है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक के खिलाफ तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शुरू हुआ आंदोलन आज देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंच चुका है। झारखंड में भी छात्रों ने जेपीएससी और जेएसएससी में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन को मजबूती प्रदान की है।

AIDSO ने कहा कि आंदोलन के शुरुआती दिनों से ही संगठन के कार्यकर्ताओं ने इसे मजबूत करने के लिए पूरे राज्य में प्रचार-प्रसार किया और छात्रों को आंदोलन से जोड़ने का प्रयास किया। संगठन ने आंदोलन की सफलता को छात्रों की एकजुटता और लगातार संघर्ष का परिणाम बताया।

AIDSO की ओर से राज्य के छात्र-नौजवानों से शिक्षकों की कमी, शैक्षणिक सत्र में अनियमितता, फीस वृद्धि, शिक्षा के निजीकरण और व्यापारीकरण तथा नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के खिलाफ सार्वजनिक शिक्षा बचाने की मांग को लेकर संगठित आंदोलन में भाग लेने की अपील की गई।

Related Post