जमशेदपुर: महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और महिला उद्यमियों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से आयोजित मानसून ट्रेड फेयर 2026 का सोमवार को चैंबर भवन में उद्घाटन हुआ। उद्घाटन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए और अपनी प्रतिभा व उद्यमशीलता का प्रदर्शन किया।
मेले का उद्घाटन मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता, जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान, उपाध्यक्ष अर्चना दुबे, सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया और उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस मौके पर सुधा गुप्ता ने कहा कि महिलाएं व्यवसाय और उद्यमिता के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इस तरह के आयोजन महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों और प्रतिभा को बड़े बाजार तक पहुंचाने का बेहतर अवसर देते हैं।
नौशीन खान ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केवल व्यवसाय शुरू करने का अवसर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने उत्पाद बेचने के लिए उचित बाजार और मंच भी उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने ट्रेड फेयर को महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
अर्चना दुबे ने कहा कि महिलाओं की रचनात्मकता और मेहनत को उचित मंच मिलने से वे आर्थिक रूप से मजबूत होंगी। इससे समाज और अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी भी बढ़ेगी।
सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि चैंबर स्थानीय व्यापार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रहा है। महिला उद्यमियों को मंच उपलब्ध कराना चैंबर की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे आयोजन उन्हें अपने उत्पादों की ब्रांडिंग और बिक्री के साथ नए ग्राहकों से जुड़ने और बाजार का विस्तार करने का अवसर देते हैं।
उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने कहा कि मानसून ट्रेड फेयर का उद्देश्य सिर्फ उत्पादों की बिक्री के लिए मंच उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित कर उन्हें आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना भी है। मेले में लगे स्टॉल महिलाओं की मेहनत, रचनात्मकता और उद्यमशीलता को दर्शा रहे हैं।
मेले में कपड़े, फैशन, ज्वेलरी, खान-पान, सजावटी सामान समेत कई तरह के उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने मेले का भ्रमण किया और विभिन्न स्टॉलों पर जाकर महिला उद्यमियों से बातचीत की। उन्होंने उत्पादों की जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
दोपहर के सत्र में जमशेदपुर विमेंस क्लब की अध्यक्ष रीना वेद गिरी, विमेंस यूनिवर्सिटी की कॉमर्स डीन डॉ. दीपा शरण और तरू बेन गांधी भी मेले में पहुंचीं। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिला उद्यमियों से बातचीत की।
उद्घाटन समारोह का संचालन चैंबर के महासचिव पुनीत कांवटिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सचिव भारत मकानी ने किया।
मेले के आयोजन को सफल बनाने में चैंबर के उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, अभिषेक अग्रवाल, सचिव अंशुल रिंगरसिया, सुरेश शर्मा, विनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, समन्वयक सुमन नागेलिया, निशा केडिया, रिंकू अग्रवाल, मनोज गोयल, अश्विनी अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों और पदाधिकारियों की भूमिका रही।

