Breaking
Mon. Aug 17th, 2026

*मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों की बैठक, पारदर्शी और त्रुटिरहित सूची पर जोर*

चाईबासा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया को लेकर सोमवार को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, सदर चाईबासा संजय कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई। इसमें पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त दावों और आपत्तियों, संबंधित लोगों को सूचना देने तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में संजय कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना नहीं चाहिए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम दर्ज नहीं होना चाहिए। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों और संबंधित पक्षों की भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने स्तर पर मतदाता सूची का गंभीरता से अवलोकन करने को कहा। नाम, पता, उम्र या अन्य किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति दर्ज कराने की अपील की गई। इससे मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, व्यवस्थित और विश्वसनीय बनाने में मदद मिलेगी।

बैठक में प्राप्त दावों और आपत्तियों की जांच तथा संबंधित व्यक्तियों को नोटिस देने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि दावे और आपत्तियों का निस्तारण निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया गया।

बैठक में कहा गया कि स्वच्छ और शुद्ध मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक चुनाव की महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसलिए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को गंभीरता और पारदर्शिता के साथ पूरा करना आवश्यक है। राजनीतिक दलों से भी इस कार्य में प्रशासन को सहयोग करने का आग्रह किया गया।

बैठक में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी धनंजय पाठक, कांग्रेस से त्रिशानु राय, भाजपा से रंजन प्रसाद और झामुमो से कैसर परवेज उपस्थित थे। अधिकारियों ने सभी प्रतिनिधियों से मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करते हुए अधिक से अधिक लोगों को निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी देने की अपील की।

Related Post