Breaking
Mon. Aug 17th, 2026

अंतिम सोमवारी पर कालीमाटी में गूंजेगा हर हर महादेव का जयघोष, मनोज तिवारी देंगे भजन प्रस्तुति

जमशेदपुर। सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर हर हर महादेव सेवा संघ की ओर से 24 अगस्त को साकची गुरुद्वारा मैदान में 26वीं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक मनोज तिवारी अपनी 14 सदस्यीय गायन एवं वाद्य मंडली के साथ भगवान शिव की महिमा का गुणगान करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6 बजे स्थानीय भजन गायक कृष्ण मूर्ति एवं उनकी टीम की प्रस्तुति से होगी, जबकि मुख्य कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से शुरू होगा।

संघ के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने बताया कि इस वर्ष भी कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए साकची गुरुद्वारा मैदान में विशाल पंडाल, स्टेज और श्रद्धालुओं के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की जा रही है। प्रवेश द्वार पर बाबा बर्फानी के स्वरूप वाला विशाल बर्फ शिवलिंग आकर्षण का केंद्र रहेगा। पूजन के बाद भजन संध्या शुरू होगी और अंत में आरती की जाएगी। कालीमाटी रोड सहित आसपास के क्षेत्र में आकर्षक विद्युत सज्जा की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क पेयजल, चाय और भोग प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।

आयोजन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच लोगों को संघ रत्न सेवा अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। इनमें चिकित्सा क्षेत्र से टाटा मोटर्स अस्पताल के पूर्व महाप्रबंधक एवं सर्जन डॉ. संजय कुमार और प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजू बाजोरिया, समाज सेवा के लिए अशोक घोष, साहित्य एवं देशभक्ति के क्षेत्र में सरदार बलविंदर सिंह तथा खेल के क्षेत्र में हसन इमाम मलिक ‘चिकू’ शामिल हैं।

संघ की ओर से पूर्व में पद्मश्री जमुना टुडू, पद्मश्री चामी मुर्मू, पद्मश्री छूटनी महतो, पद्मश्री प्रेमलता अग्रवाल, डॉ. सिद्धू, डॉ. बीपी सिंह, चंदेश्वर खान, दीनानाथ पांडेय, शेखर डे, डॉ. जकारिया, डॉ. एसएस रजी, डॉ. स्वर्ण सिंह, डॉ. एम. मिश्रा, डॉ. अली, गोबिंद दोदराजका, चंद्रशेखर झा, आरके अग्रवाल, हरि बल्लभ सिंह आरसी, राधेश्याम अग्रवाल, रंगाधर नंदा, सरदार शैलेन्द्र सिंह, ए.के. श्रीवास्तव, बेली बोधनवाला, हरभजन सिंह, लखबीर सिंह लक्खा, भरत शर्मा व्यास, त्रिलोचन सिंह तराना, अरुणा मिश्रा, झानु हांसदा, मनोरंजन दास, निमाई पंडा, पीएन गोप, डॉ. कैलाश दुबे, डॉ. नागेंद्र सिंह, डॉ. चट्टोंराज, डॉ. डीपी समादर, डॉ. लखन हांसदा, डॉ. राम कुमार, डॉ. आसिफ, डॉ. ए.के. मिश्रा, डॉ. अमिताभ बंदोपाध्याय, रतन जोशी, पशुपतिनाथ सिंह, श्रीकांत नायर, सौरव तिवारी और जय प्रकाश राय सहित कई लोगों को सम्मानित किया है।

कार्यक्रम में पूर्व में कल्पना पटवारी, भरत शर्मा व्यास, मनोज तिवारी मृदुल, लखबीर सिंह लक्खा, देवी, अनूप जलोटा, पवन सिंह, पद्मश्री मालिनी अवस्थी, कन्हैया मित्तल और कैलाश खेर जैसे कलाकार प्रस्तुति दे चुके हैं। संघ ने श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Related Post