Breaking
Sun. Oct 18th, 2026

आदित्यपुर में ट्रेलर की चपेट में आने से महिला की मौत, मुआवजे की मांग पर परिजनों में आक्रोश

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की जान चली गई। मंगलम सिटी के समीप मुख्य मार्ग पर ट्रेलर की चपेट में आने से बुधनी हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल रेस्क्यू कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गम्हरिया पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे हुई। महिला को टक्कर मारने वाले ट्रेलर का रजिस्ट्रेशन नंबर JH05DJ5335 बताया गया है। हादसे के बाद पुलिस ने संबंधित ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इधर, बुधनी हांसदा की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में शोक के साथ आक्रोश भी देखने को मिला। परिजनों ने हादसे को लेकर विरोध जताते हुए मुआवजे की मांग उठाई है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन मृतका की मौत के लिए जिम्मेदारी तय करने और उचित मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी लापरवाही थी, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Related Post