Breaking
Mon. Aug 17th, 2026

कदमा में विकास कार्यों को लेकर टाटा स्टील यूआईएसएल और जदयू टीम का संयुक्त निरीक्षण

जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित जनसुविधा से जुड़े कार्यों को गति देने की पहल शुरू हो गई है। सोमवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के आग्रह पर टाटा स्टील यूआईएसएल और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम ने कदमा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा कर समस्याओं का जायजा लिया। टीम ने मौके पर ही कई कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने पर सहमति जताई।

संयुक्त टीम ने कदमा के उलीयान, भाटिया बस्ती, रामनगर चौक, भाटिया पार्क, शास्त्रीनगर से लेकर मरीन ड्राइव तक के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़कों की खराब स्थिति, नालियों की सफाई व मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पार्क और जलाशय से जुड़ी समस्याओं को देखा गया। निरीक्षण के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आवश्यक कार्य कराने की दिशा में निर्णय लिए।

कदमा स्थित नाना-नानी पार्क के मरम्मतीकरण के साथ उसके सौंदर्यीकरण का कार्य कराने पर सहमति बनी। वहीं नील सरोवर की सफाई और आसपास हेजिंग कराने का भी निर्णय लिया गया। चंडी बाबा मंदिर से सती घाट तक पुराने ड्रेन की मरम्मत कर उसे व्यवस्थित किया जाएगा, जिससे जल निकासी की समस्या को दूर करने में मदद मिल सके।

शास्त्रीनगर से भाटिया पार्क तक खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई जाएगी। जहां मरम्मत संभव नहीं होगी, वहां नई स्ट्रीट लाइट लगाने की व्यवस्था की जाएगी। इसी तरह भाटिया पार्क से मरीन ड्राइव होते हुए रामनगर हाड़गोदाम तक प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण कर खराब लाइटों को दुरुस्त करने तथा जरूरत के अनुसार नई लाइटें लगाने का फैसला लिया गया।

रामनगर सात नंबर रोड स्थित रजक समाज भवन के पीछे से पार्क होते हुए नदी की ओर जाने वाले ड्रेन की भी सफाई और मरम्मत कराई जाएगी। रामनगर चौक की खराब सड़क का मरम्मतीकरण करने के साथ वहां सार्वजनिक सुविधा के लिए यूरिनल का निर्माण कराने पर भी सहमति बनी।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान साकची स्थित डायमंड शोरूम के पीछे सूख चुके पेड़ को हटाने का भी निर्णय लिया गया। अधिकारियों और जदयू प्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को मौके पर देखने के बाद प्राथमिकता के आधार पर समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।

बताया गया कि 6 अगस्त को विधायक सरयू राय के निर्देश पर जदयू का प्रतिनिधिमंडल टाटा स्टील यूआईएसएल के वरीय महाप्रबंधक आरके सिंह से मिला था। प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास एवं जनसुविधा के कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा था। आरके सिंह ने समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई का भरोसा देते हुए कंपनी के अधिकारियों की टीम के साथ संयुक्त क्षेत्र भ्रमण कराने की बात कही थी। सोमवार का निरीक्षण उसी पहल का हिस्सा रहा।

निरीक्षण में टाटा स्टील यूआईएसएल के सिविल विभाग से दुर्गादास मंडल और रणजीत कुमार, पब्लिक हेल्थ विभाग से डॉ. आलोक कुमार तथा हार्टीकल्चर विभाग से शिवेंद्र कुमार के अलावा बिजली, स्वच्छता और पेयजल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। जदयू की ओर से सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, तारक मुखर्जी, मनोज सिंह, रविशंकर सिंह, शेषनाथ पाठक, दिनेश कुमार, देव कुमार, लक्ष्मण ठाकुर, विनोद सिंह और उषा यादव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

संयुक्त टीम मंगलवार को सोनारी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का भी दौरा करेगी। वहां लंबित विकास कार्यों और जनसुविधाओं से संबंधित समस्याओं का जायजा लेकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम तय किए जाएंगे।

Related Post