चाईबासा: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीद बैजनाथ बिरुवा स्मारक समिति के तत्वावधान में पश्चिम सिंहभूम जिले के मंझारी प्रखंड के पुटिसिया हाई स्कूल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ। समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और विशिष्ट अतिथि मझगांव के विधायक निरल पुरती मौजूद रहे।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खजुरिया एफसी और फागुन एफसी खतनापी के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में फागुन एफसी खतनापी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खजुरिया एफसी को 4-1 गोल से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 50 हजार रुपये नकद और खस्सी देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता खजुरिया एफसी को 35 हजार रुपये नकद और खस्सी प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और बेहतर भविष्य का मजबूत आधार भी है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ लगातार अभ्यास करने और अपने क्षेत्र व राज्य का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
जोबा माझी ने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान में पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ खेलना ही खिलाड़ी की असली पहचान है। उन्होंने आयोजन समिति को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
विधायक निरल पुरती ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल के प्रति युवाओं में काफी उत्साह और प्रतिभा है। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर इस तरह की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। आयोजन समिति को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन लगातार होने चाहिए, ताकि गांव-गांव की खेल प्रतिभाएं सामने आ सकें।
फाइनल मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और ग्रामीण मैदान में पहुंचे थे। पूरे मैच के दौरान दर्शकों में उत्साह बना रहा। समापन समारोह में मंझारी प्रखंड प्रमुख सुशीला बारी, झामुमो नेता सह पूर्व मुखिया चंद्रमोहन बिरुवा, उप प्रमुख दमयंती बिरुवा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष लाला राउत, श्रीराम सोरेन, अरविंद कुंकल, भुवनेश्वर बिरुवा सहित आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

