Breaking
Thu. Aug 13th, 2026

स्वतंत्रता दिवस की तैयारी तेज, आदर्श मध्य विद्यालय के बच्चों ने किया परेड का अभ्यास

बड़ाजामदा: स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर बड़ाजामदा स्थित आदर्श मध्य विद्यालय में तैयारियां तेज हो गई हैं। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा बेहतर प्रदर्शन को लेकर विद्यालय परिसर में परेड का अभ्यास कराया जा रहा है। गुरुवार को बच्चों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ कदमताल करते हुए परेड का रिहर्सल किया।

क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण विद्यालय के मैदान में पानी और कीचड़ जमा है। इससे परेड अभ्यास में छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद बच्चों का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश के बीच भी छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश के साथ परेड की तैयारी जारी रखी।

अभ्यास के दौरान विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राजकुमार श्रीवास्तव ने स्वयं बच्चों को परेड का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सही कदमताल, अनुशासन, आपसी तालमेल और परेड के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को एक साथ कदम मिलाकर चलने तथा निर्धारित निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय प्रबंधन की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह में बच्चों के बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित रूप से परेड का अभ्यास कराया जा रहा है। शिक्षक भी अभ्यास के दौरान बच्चों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि बारिश के कारण मैदान में परेशानी जरूर हो रही है, लेकिन बच्चों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। छात्र-छात्राएं देशभक्ति की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी में जुटे हुए हैं। विद्यालय परिसर में परेड अभ्यास के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Related Post