जमशेदपुर। झारखंड कामगार कांग्रेस के अध्यक्ष शैलेश पांडेय ने जमशेदपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प की निंदा करते हुए भाजपा पर शहर का माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करना सभी राजनीतिक दलों का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर हिंसा और पत्थरबाजी को किसी भी सूरत में जायज नहीं ठहराया जा सकता।
शैलेश पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान भाजपा के पुरुष कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में स्थिति को उग्र बनाने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि टेंपो में भरकर पत्थर लाए गए और पत्थरबाजी के जरिए शहर की शांति एवं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराकर पत्थरबाजी में शामिल लोगों की पहचान करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
पांडेय ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांधीवादी विचारधारा और अहिंसा के सिद्धांतों में विश्वास करते हैं। उनके अनुसार, भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शनकारियों के स्वागत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता गुलाब के फूल और जलेबी लेकर तैयार थे। इसके बावजूद घटनाक्रम का हिंसक रूप लेना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध विचारों और लोकतांत्रिक तरीकों से होना चाहिए, न कि हिंसा और भय का माहौल बनाकर।
उन्होंने भाजपा पर जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए दिल्ली के जंतर-मंतर और रांची में सीजीएल अभ्यर्थियों के आंदोलन के दौरान हुए हंगामे का भी उल्लेख किया। पांडेय ने कहा कि विरोध प्रदर्शनों के दौरान हिंसा और उपद्रव की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे घटनाक्रमों के जरिए कथित वोट चोरी समेत अन्य महत्वपूर्ण जनमुद्दों से जनता का ध्यान हटाने की कोशिश की जा रही है।
शैलेश पांडेय ने कहा कि दुर्गा पूजा समेत अन्य त्योहारों के समय जमशेदपुर में शांति, भाईचारा और सामाजिक एकता बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। राजनीतिक स्वार्थ के लिए आम नागरिकों की सुरक्षा और शहर के सौहार्द से खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने शहरवासियों से संयम बरतने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और अहिंसक संघर्ष के रास्ते पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है।

