जमशेदपुर। शहर में पर्यटन को बढ़ावा देने और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई नई योजनाओं पर पहल की गई है। पूर्वी सिंहभूम जिला पर्यटन संवर्धन परिषद की बैठक में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गोपाल मैदान में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए मरीन ड्राइव के पास वैकल्पिक मैदान विकसित करने का प्रस्ताव दिया। इसके अलावा डिमना लेक के सौंदर्यीकरण, नेताजी सुभाष चंद्र बोस आमबागान के विकास और खरकई-स्वर्णरेखा नदी तट पर रिवरफ्रंट बनाने की योजना पर भी सहमति बनी।
मंगलवार को आयोजित बैठक में पिछली बैठक के फैसलों की समीक्षा के साथ पर्यटन विकास से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर विचार किया गया। सरयू राय ने कहा कि गोपाल मैदान में अब टुसू महोत्सव के अलावा साल भर कई तरह के आयोजन होते हैं। कार्यक्रमों के दौरान तेज आवाज से आसपास के निवासियों को परेशानी होती है। इसे देखते हुए उन्होंने टाटा स्टील से बातचीत कर मरीन ड्राइव के किनारे या आशियाना और मरीन ड्राइव के बीच उपलब्ध बड़े मैदान में आयोजनों की वैकल्पिक व्यवस्था करने का सुझाव दिया। इससे गोपाल मैदान में खेलकूद समेत दूसरी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा सकेगा।
विधायक ने डिमना लेक और उसके आसपास के क्षेत्र को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया। डिमना लेक जाने वाले संकरे और घुमावदार रास्ते पर यातायात की समस्या दूर करने के लिए एमजीएम अस्पताल से भलुचबनी तक फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया। सरयू राय ने कहा कि यह क्षेत्र दलमा अभयारण्य के अंतर्गत आता है, इसलिए सड़क चौड़ीकरण संभव नहीं है। फ्लाईओवर बनने से पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। इस संबंध में राज्य और केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
बैठक में नेताजी सुभाष चंद्र बोस आमबागान का सौंदर्यीकरण कर उसे पर्यटन स्थलों की सूची में शामिल करने के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी। वहीं, खरकई नदी के टोल ब्रिज से मानगो पुल तक खरकई और स्वर्णरेखा नदी के किनारे रिवरफ्रंट विकसित करने से पहले सर्वेक्षण कराया जाएगा। दोमुहानी और बिड़ला मंदिर को पर्यटन स्थल की श्रेणी-डी में अधिसूचित करने के लिए पर्यटन विभाग को दोबारा स्मार पत्र भेजने का भी निर्णय लिया गया।

