चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्रोजेक्ट परख-तैयारी उड़ान की के तहत आयोजित परख ओलंपियाड-2026 के प्रथम चरण की परीक्षा के बाद गुरुवार को समाहरणालय सभागार में विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। उपायुक्त मनीष कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित मूल्यांकन कार्य में जिले के विशेषज्ञ शिक्षकों ने विषयवार उत्तरपुस्तिकाओं की जांच की।
परख ओलंपियाड-2026 के प्रथम चरण के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित कुल 533 विद्यार्थियों की 100 अंकों की विषयवार सब्जेक्टिव परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की विषयगत समझ, विश्लेषणात्मक क्षमता और शैक्षणिक दक्षता का आकलन करना था।
मूल्यांकन के दौरान विशेषज्ञ शिक्षकों ने निर्धारित मानकों के अनुसार विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से विषयवार मूल्यांकन किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रश्नों के दिए गए उत्तर, विषय की समझ, अवधारणात्मक स्पष्टता और प्रश्नों के समाधान के आधार पर उनके प्रदर्शन का आकलन किया गया।
प्रोजेक्ट परख-तैयारी उड़ान की के माध्यम से जिले में विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता को पहचानने, उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने और बोर्ड परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है। परख ओलंपियाड इसी पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके माध्यम से प्रतिभावान विद्यार्थियों को चिन्हित कर उनकी क्षमताओं को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
मूल्यांकन कार्य के दौरान संबंधित पदाधिकारी एवं विशेषज्ञ शिक्षक उपस्थित रहे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य संपन्न कराया गया।

