Breaking
Wed. Aug 12th, 2026

एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल से लैपटॉप चोरी का खुलासा, डिलीवरी बॉय गिरफ्तार

जमशेदपुर। एमजीएम थाना पुलिस ने मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल से लैपटॉप चोरी के करीब साढ़े चार महीने पुराने मामले का उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से चोरी किया गया डेल कंपनी का लैपटॉप भी बरामद कर लिया है। आरोपी की पहचान मानगो गुरुद्वारा रोड, शिव मंदिर के पास रहने वाले करीब 30 वर्षीय पवन कुमार, पिता कमला कांत मिश्रा के रूप में हुई है।

पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार ने बुधवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल से लैपटॉप चोरी होने की शिकायत पर सर्वेश मीणा ने 7 अप्रैल 2026 को एमजीएम थाना में कांड संख्या 48/2026 दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि हॉस्टल के कमरे से अज्ञात व्यक्ति ने लैपटॉप चोरी कर लिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर एमजीएम थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को चोरी में पवन कुमार की संलिप्तता के संबंध में जानकारी मिली।

इसके बाद पुलिस टीम ने 11 अगस्त को मानगो स्थित पवन कुमार के आवास पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस को आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घर में रखी गोदरेज अलमारी की तलाशी ली गई, जहां से डेल कंपनी का चोरी किया गया लैपटॉप बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था। 28 मार्च 2026 की रात वह एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में सामान पहुंचाने गया था। डिलीवरी करने के बाद वापस लौटते समय उसने एक कमरे का दरवाजा खुला देखा। कमरे के बाहर नीचे लैपटॉप रखा हुआ था। मौका देखकर उसने लैपटॉप उठाकर अपने बैग में रख लिया और वहां से निकल गया। बाद में उसने लैपटॉप को अपने घर लाकर अलमारी में छिपा दिया था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। छापामारी दल में एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक आनंद कुमार तथा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Post