Breaking
Mon. Oct 12th, 2026

जेएनयू प्रकरण पर बिष्टुपुर में भाजपा-कांग्रेस में खूनी संघर्ष, 30 से अधिक कार्यकर्ता घायल; कई के सिर फटे

कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के बाहर जमकर पथराव, भाजपा के दिनेश कुमार, राजू सिंह, सुधांशु ओझा और दीपू शर्मा जख्मी; इलाके में अफरा-तफरी

जमशेदपुर। जेएनयू से जुड़ी छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर सोमवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के बाहर दोनों दलों के समर्थकों के बीच जमकर पथराव हुआ। इस घटना में भाजपा की ओर से करीब 20 कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है, जबकि कांग्रेस के उपाध्यक्ष समेत 10 से अधिक लोगों के जख्मी होने की बात सामने आई है। कई लोगों के सिर फटने की भी सूचना है। अचानक हुई हिंसा से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर तनाव का माहौल बन गया।

भाजपा जमशेदपुर महानगर महिला मोर्चा ने 12 अक्टूबर को कांग्रेस मुख्यालय के सामने आक्रोश प्रदर्शन की घोषणा की थी। प्रदर्शन का उद्देश्य दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से जुड़े छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न मामले में मणिपुर से कांग्रेस सांसद एवं पूर्व प्रोफेसर डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोईजाम के खिलाफ कार्रवाई, गिरफ्तारी और सांसद पद से बर्खास्तगी की मांग करना था।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ताओं को सुबह 11:30 बजे बिष्टुपुर स्थित जी टाउन क्लब मैदान में जुटना था। यहां से पार्टी नेता और कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय की ओर रवाना हुए। प्रदर्शनकारी जैसे ही कांग्रेस कार्यालय के सामने पहुंचे, दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते नारेबाजी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच टकराव बढ़ गया। इसके बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसमें कई लोग चोटिल हो गए।

घटना में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, जिला महामंत्री राजू सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा और दीपू शर्मा समेत कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है। वहीं, कांग्रेस की ओर से पार्टी के उपाध्यक्ष समेत कई लोगों के जख्मी होने की बात कही जा रही है। कुछ घायलों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि, घायलों की वास्तविक संख्या और उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

हिंसक झड़प के दौरान मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की। हालांकि, विवाद की शुरुआत किस मुद्दे पर हुई और पथराव पहले किस पक्ष की ओर से किया गया, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम को लेकर आधिकारिक विवरण की प्रतीक्षा है।

Related Post