Breaking
Sat. Aug 8th, 2026

बहरागोड़ा में अवैध लॉटरी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 2700 टिकट के साथ कारोबारी गिरफ्तार

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में अवैध लॉटरी के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 2700 अवैध लॉटरी टिकट बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहनपुर निवासी 45 वर्षीय मोती रंजन राणा के रूप में हुई है। वह संतोष राणा का पुत्र है।

पुलिस के अनुसार, बहरागोड़ा क्षेत्र में अवैध लॉटरी के संचालन की सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस की विशेष टीम को कार्रवाई के लिए लगाया गया था। शनिवार को टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ब्लॉक मोड़ के समीप निगरानी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर मोती रंजन राणा को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से बड़ी संख्या में लॉटरी टिकट मिले।

पुलिस ने बरामद टिकटों को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ बहरागोड़ा थाना कांड संख्या 44/26 के तहत मामला दर्ज किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर कुशवाहा ने कहा कि क्षेत्र में अवैध लाइव लॉटरी के कारोबार को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Related Post