Breaking
Sat. Aug 29th, 2026

माटीगोड़ा स्कूल में गूंजा वंदे मातरम्, सीआरपीएफ ने विद्यार्थियों को कराया राष्ट्रभक्ति से रूबरू

जमशेदपुर। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत शनिवार को ग्रुप केंद्र, सीआरपीएफ जमशेदपुर की ओर से उत्क्रमित उच्च विद्यालय, माटीगोड़ा में देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन कर राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया। आयोजन पुलिस उपमहानिरीक्षक रमेश कुमार के मार्गदर्शन में हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीआरपीएफ के उप कमांडेंट पवन कुमार ने विद्यार्थियों को ‘वंदे मातरम्’ के इतिहास, इसकी रचना और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इसके महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् देशवासियों के भीतर मातृभूमि के प्रति प्रेम और समर्पण की भावना जगाने वाला प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और विकास में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। कार्यक्रम के दौरान हर घर तिरंगा अभियान से संबंधित जागरूकता गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

आयोजन में सहायक कमांडेंट मकसूद आलम, निरीक्षक अभिषेक चौधरी, प्रीतम समेत सीआरपीएफ के अधिकारी और जवान मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर सभी ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Related Post