Breaking
Fri. Aug 7th, 2026

**दवा लेकर घर लौट रही महिला से चेन और बाली की झपटमारी, विरोध पर गला दबाने का प्रयास**

जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा शौचालय के समीप गुरुवार रात झपटमारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। दवा लेकर पैदल घर लौट रही एक महिला से तीन युवकों ने सोने की चेन और कान की बाली छीन ली। महिला द्वारा विरोध किए जाने पर बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर झाड़ियों में गिरा दिया और गला दबाने का भी प्रयास किया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार पीड़िता मंजू देवी शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित रामनगर की रहने वाली हैं। वह गुरुवार रात दवा लेकर गाजाडीह की ओर अपने घर लौट रही थीं। रास्ते में उन्हें तीन-चार युवक पीछा करते हुए दिखाई दिए। जैसे ही वह तुरियाबेड़ा शौचालय के पास पहुंचीं, तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया और उनके गले से सोने की चेन तथा कान की बाली छीन ली। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें झाड़ियों में धकेल दिया और गला दबाने की कोशिश की, जिससे वह घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर नाराजगी जताते हुए पुलिस के समक्ष विरोध भी दर्ज कराया। घायल महिला को स्थानीय लोगों की सहायता से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया।

पीड़िता के बेटे ने एमजीएम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी सचिन दास ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और जल्द ही सभी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Post