चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा प्रखंड के दिग्गीलोटा गांव की अंजली हेम्ब्रम ने अपने स्वरोजगार को नई दिशा देते हुए फास्ट फूड कार्ट की शुरुआत की है। एकलव्य आवासीय विद्यालय के सामने लस्सी की दुकान से पहचान बनाने वाली अंजली को जिला प्रशासन की ओर से अनुदान पर फूड कार्ट उपलब्ध कराया गया। बुधवार को मनोहरपुर के विधायक जगत माझी ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया।
अब अंजली अपने नए फूड कार्ट पर चाउमीन, मंचूरियन, आलूचोप, चाय, लस्सी समेत विभिन्न फास्ट फूड व्यंजन उपलब्ध कराएंगी। उद्घाटन के बाद विधायक ने स्टॉल पर तैयार व्यंजनों का स्वाद लिया और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंजली को डस्टबिन भी भेंट किया।
इस अवसर पर विधायक जगत माझी ने कहा कि अंजली हेम्ब्रम ने अपने परिश्रम और दृढ़ संकल्प से यह साबित किया है कि गांव में रहकर भी आत्मनिर्भर बना जा सकता है। उन्होंने कहा कि अंजली क्षेत्र की महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विधायक ने महिलाओं से स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान करते हुए कहा कि बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें साकार करने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
अंजली हेम्ब्रम ने अपने इस सफर में सहयोग के लिए विधायक जगत माझी और जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से रोजगार के लिए पलायन करने के बजाय अपने गांव में ही स्वरोजगार के अवसर तलाशने की अपील करते हुए कहा कि शुरुआत छोटी हो सकती है, लेकिन मेहनत और लगन से सफलता जरूर मिलती है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले विधायक जगत माझी सोनुवा से लौटने के दौरान दिग्गीलोटा स्थित अंजली की लस्सी दुकान पर रुके थे। वहां लस्सी पीने का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इसके बाद अंजली की दुकान लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई और दूर-दूर से लोग उनकी लस्सी का स्वाद लेने पहुंचने लगे। बाद में सिंहभूम सांसद जोबा माझी, उपायुक्त मनीष कुमार सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उनकी दुकान पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया।
मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, हेमंत सोरेन, डब्लू बानरा, अजय महाली, किशोर दास, दीपक माझी, अश्विनी महतो, भोला सुंडी, मनसा माझी, संजय जामुदा, रोशन दास, बबलू प्रधान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

