Breaking
Tue. Aug 4th, 2026

गैस सिलेंडर चोरी कांड का खुलासा, 64 सिलेंडर बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले की तिरुलडीह पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी के एक बड़े मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 64 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की वारदात में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, एक पल्सर मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को सारथी इंडेन ग्रामीण वितरक की संचालिका संध्या देवी ने तिरुलडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने शिकायत में बताया था कि सपादा गांव स्थित गैस गोदाम से अज्ञात चोर 56 गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) चांडिल के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर सदाब आलम उर्फ बटर, बाबू गोराई तथा मनीष कुमार श्रीवास्तव की पहचान की। तीनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित टैंक रोड और दाईगुट्टू इलाके से चोरी के कुल 64 गैस सिलेंडर बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन (संख्या- JH05DW-4807), पल्सर मोटरसाइकिल (संख्या- JH05BN-7028) तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल पूरे गिरोह और चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ चांडिल के नेतृत्व में थाना प्रभारी कौशल कुमार, एसआई कार्तिकेय सिंह, एएसआई हरदेव पासवान, एएसआई बिरोलाल मुर्मू, हवलदार दिलीप लोहरा, हवलदार पिथो मुर्मू, आरक्षी रमेश मेलगांडी तथा आरक्षी प्रशांत कुमार दत्त ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Post