गुमला। शहर के शांति नगर इलाके में शनिवार को चोरी की एक घटना ने उस समय सनसनी फैला दी, जब बंद पड़े एक मकान में चोरी करने घुसे तीन युवकों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने तीनों के हाथ रस्सी से बांध दिए और करीब एक घंटे तक उनकी पिटाई की। मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तीनों आरोपियों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया। समय पर पुलिस के पहुंचने से स्थिति और अधिक गंभीर होने से बच गई।
जानकारी के अनुसार, शांति नगर निवासी अनिरुद्ध किसी काम से घर में ताला लगाकर बाहर गए हुए थे। इसी दौरान तीन युवक उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। घर के आसपास मौजूद लोगों को गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्होंने अनिरुद्ध को इसकी सूचना दी। अनिरुद्ध जब वापस लौटे तो मोहल्ले के लोगों के साथ घर में पहुंचे और तीनों युवकों को चोरी करते हुए पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान टुडूरमा निवासी सौरभ साहू, घाघरा निवासी महेश सिंह और मुरली बगीचा निवासी सुशील कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि तीनों युवक नशे की हालत में थे। फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

