चाईबासा: श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, लौजोड़ा कला, चक्रधरपुर की ओर से दुर्गा पूजा के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पूजा के सप्तमी के दिन 17 अक्टूबर को स्थानीय कलाकारों के लिए डांस कंपटीशन आयोजित होगा। इसमें स्थानीय कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। उक्त बातों की जानकारी कार्यक्रम के संरक्षक सह झामुमो केंद्रीय सदस्य रामलाल मुंडा ने दी।
श्री मुंडा ने बताया कि डांस कंपटीशन के लिए इच्छुक कलाकार 4 अक्टूबर से अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। नाम दर्ज कराने की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 10 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 7100 रुपये, तृतीय पुरस्कार 5000 रुपये और चतुर्थ पुरस्कार 3000 रुपये रखा गया है। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में हाथ घड़ी देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतिभागियों की सूची 17 अक्टूबर को सार्वजनिक की जाएगी। प्रतियोगिता में नाम दर्ज कराने के लिए 6205628973 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
समिति के अनुसार 18 अक्टूबर को बुगी-बुगी डांस एवं चपोल-चपोल डांस का विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं 19 अक्टूबर को रांची से नागपुरी, हो, मुंडा, उरांव एवं संताल समाज के कलाकार गीत, संगीत और नृत्य के माध्यम से अपनी कला एवं संस्कृति की प्रस्तुति देंगे।
कार्यक्रम में मिस्टर सुपरहिट सिंगर किस्नु मुंडा एंड ग्रुप की विशेष प्रस्तुति होगी। इसके साथ ही सुपर स्टार नागपुरी महिला सिंगर और नागपुरी डांस कलाकार भी कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
समिति ने लोगों से दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में शामिल होकर स्थानीय कलाकारों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। कार्यक्रम लौजोड़ा कला, चक्रधरपुर में आयोजित किए जाएंगे।

