Breaking
Sun. Oct 4th, 2026

चक्रधरपुर में खाद्य दुकानों पर छापा, 20 किलो खराब रसगुल्ले मिले; पांच प्रतिष्ठानों को नोटिस

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर शहर में रविवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के लिए व्यापक अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम और दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों ने विभिन्न रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों और किराना प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, रखरखाव और भंडारण व्यवस्था की जांच की गई।

जांच के दौरान मथुरा स्वीट्स में खाद्य सामग्री के रखरखाव में गंभीर लापरवाही सामने आई। टीम ने वहां करीब 20 किलोग्राम खराब और सड़े हुए रसगुल्ले बरामद किए। इसके अलावा एक्सपायरी हो चुके पास्ता स्नैक्स भी मिले। अधिकारियों के निर्देश पर इन सभी खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

अभियान के दौरान शहर के कई अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में भी नियमों के उल्लंघन की स्थिति सामने आई। कुछ रेस्टोरेंट में पैकेटबंद पनीर का इस्तेमाल पाया गया, जबकि कई दुकानों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी। जांच में कुछ प्रतिष्ठानों के पास खाद्य कारोबार से संबंधित आवश्यक वैध दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं पाए गए।

खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने मथुरा स्वीट्स, क्यूज़ीन फैमिली रेस्टोरेंट, संतुष्ट क्यूज़ीन रेस्टोरेंट, शंकर मिष्ठान भंडार और छप्पन भोग को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों से नियमों के उल्लंघन को लेकर जवाब मांगा है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि खाद्य पदार्थों की बिक्री से पहले उनकी गुणवत्ता और वैधता की जांच करें। पैकेटबंद सामग्री पर FSSAI लाइसेंस नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट की जांच करना अनिवार्य है। अधिकारियों ने कहा कि खराब, एक्सपायरी या मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री की बिक्री करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने संकेत दिया कि चक्रधरपुर में इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Related Post