चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब ग्रामीणों के लिए गंभीर संकट बनती जा रही है। छोटानागरा पंचायत के दुबिल गांव निवासी रूइदास आईन्द का कच्चा मिट्टी का मकान बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया। घर की एक पूरी किनारे की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन संयोगवश किसी को कोई चोट नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया।
दीवार गिरने से मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। परिवार का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण घर की बाकी दीवारें भी कमजोर हो चुकी हैं और उनके कभी भी ढहने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में पूरा परिवार दहशत के माहौल में रहने को मजबूर है।
बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है, जिसके कारण पीड़ित परिवार अपने घरेलू सामान के साथ किसी सुरक्षित स्थान पर भी नहीं जा पा रहा है। मजबूरी में उन्हें क्षतिग्रस्त मकान में ही रहना पड़ रहा है, जिससे हर पल अनहोनी की आशंका बनी हुई है।
मकान की दीवार गिरने के बाद घर पूरी तरह खुल गया है। परिजनों ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप, बिच्छू और अन्य विषैले जीव-जंतुओं के घर में घुसने का खतरा बढ़ गया है। इससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर परिवार की चिंता और बढ़ गई है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री, सुरक्षित आवास की व्यवस्था तथा क्षतिग्रस्त मकान का सर्वे कर उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सहायता नहीं मिली तो लगातार बारिश के बीच परिवार को और बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

