Breaking
Thu. Jul 23rd, 2026

पश्चिमी सिंहभूम में खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, 16 प्रतिष्ठानों की जांच, एक्सपायरी खाद्य उत्पाद नष्ट

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक्सपायरी तिथि में छेड़छाड़ और फर्जी री-लेबलिंग पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जगन्नाथपुर अनुमंडल क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाकर 16 थोक एवं खुदरा खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान सिंह मार्केट, सिंखू मार्केट, मेन रोड, मस्जिद गली, ब्लॉक रोड और इंद्रा रोड स्थित कुल 16 प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई। जांच दल ने पैकेज्ड खाद्य उत्पादों की एक्सपायरी तिथि, लेबलिंग और री-लेबलिंग की बारीकी से जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करते हुए रखे गए एक्सपायरी खाद्य उत्पादों को मौके पर ही नियमानुसार नष्ट कराया गया।

अभियान के दौरान बिना लेबल वाले खाद्य उत्पाद रखने वाले कारोबारियों को विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया। साथ ही उन्हें निर्देश दिया गया कि भविष्य में केवल मानक के अनुरूप लेबलयुक्त खाद्य उत्पादों का ही भंडारण और विक्रय करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

निरीक्षण अभियान के साथ-साथ ठेला-खोमचा संचालकों, गोलगप्पा विक्रेताओं और अन्य छोटे खाद्य कारोबारियों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान उन्हें खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित कृत्रिम रंगों के उपयोग से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री बेचने के लिए प्रेरित किया गया।

विशेष अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम, अनुपा कुमारी और दीपक कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया। अभियान में विभागीय कर्मी अभय ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय एफएसएसएआई का वैध लोगो, निर्माता या विक्रेता का लाइसेंस अथवा पंजीकरण संख्या, निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि तथा उत्पाद पर अंकित अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच अवश्य करें। विभाग ने कहा कि उपभोक्ताओं की सतर्कता भी सुरक्षित खाद्य व्यवस्था सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Related Post