Breaking
Thu. Jul 23rd, 2026

सिक्किम टनल हादसे में पश्चिमी सिंहभूम के एक और खूंटी के दो मजदूरों की मौत, परिजनों में मातम

चाईबासा: सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन जल विद्युत परियोजना की सुरंग (टनल) में हुए गैस रिसाव हादसे में झारखंड के तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड का एक मजदूर तथा खूंटी जिले के रनिया प्रखंड के दो मजदूर शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद तीनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतकों की पहचान पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड अंतर्गत कुमसिंग मदुरा गांव निवासी 48 वर्षीय मसीह बरजो, खूंटी जिले के रनिया प्रखंड के डाहु गांव निवासी 22 वर्षीय कृष्णा साहू तथा 30 वर्षीय बुदडु विकास कुंडलना के रूप में हुई है। तीनों मजदूर सिक्किम के नामची जिले में एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 जल विद्युत परियोजना के तहत निर्माणाधीन हेड रेस टनल में कार्यरत थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टनल के अंदर गैस रिसाव की घटना हुई, जिससे तीनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर बचाव अभियान चलाया गया, लेकिन तीनों की जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की जानकारी पटेल इंजीनियरिंग कंपनी के कर्मियों ने मृतकों के परिजनों को दी।

सूचना मिलते ही मसीह बरजो, कृष्णा साहू और बुदडु विकास कुंडलना के घरों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ मृतकों के घर पहुंच रही है और परिवार के लोगों को ढांढस बंधा रही है।

बताया जा रहा है कि तीनों मजदूर रोजी-रोटी की तलाश में सिक्किम गए थे और जल विद्युत परियोजना में कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। अचानक हुई इस दुर्घटना ने तीनों परिवारों को गहरा सदमा पहुंचाया है।

फिलहाल स्थानीय प्रशासन और परियोजना प्रबंधन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, परिजन मृतकों के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द उनके गांव लाने और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। घटना से पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी जिले के लोगों में भी शोक का माहौल है।

Related Post