गुवा: बरसात के मौसम में मलेरिया, डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों से ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए सेल गुवा प्रबंधन ने सारंडा के 18 सीएसआर गांवों में मच्छरदानी वितरण अभियान शुरू किया है। अभियान का संचालन सीजीएम माइंस सी.बी. कुमार के नेतृत्व में किया जा रहा है। प्रबंधन का लक्ष्य सभी लाभुक परिवारों तक समय पर मच्छरदानी पहुंचाकर उन्हें मच्छरजनित बीमारियों से बचाव उपलब्ध कराना है।
अभियान के तहत अब तक गुवासाई, हिरजी हाटिंग, नुइया, ठकुरा, गंगदा, दुइया, घाटकुड़ी और लेम्ब्रे गांवों में मच्छरदानियों का वितरण किया जा चुका है। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
सेल गुवा प्रबंधन के अनुसार शेष 10 सीएसआर गांवों में भी अगले दो से तीन दिनों के भीतर मच्छरदानी वितरण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिससे सभी 18 सीएसआर गांवों के परिवार इस योजना का लाभ उठा सकें।
सारंडा क्षेत्र के ये सभी 18 सीएसआर गांव मलेरिया प्रभावित क्षेत्र माने जाते हैं। घने जंगल, अधिक वर्षा और नमी के कारण यहां हर वर्ष मलेरिया के मामले सामने आते हैं। इसी को देखते हुए सेल ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के तहत यह विशेष अभियान शुरू किया है।
अभियान को सफल बनाने में उप महाप्रबंधक अनिल कुमार सहित सेल गुवा प्रबंधन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। टीम गांव-गांव पहुंचकर मच्छरदानी वितरण के साथ ग्रामीणों को इसके सही उपयोग और मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपायों की भी जानकारी दे रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि बरसात के मौसम में मच्छरदानी का वितरण मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों से बचाव में काफी मददगार साबित होगा। उन्होंने इस पहल के लिए सेल गुवा प्रबंधन के प्रति आभार जताया।

