Breaking
Wed. Jul 22nd, 2026

कारगिल विजय दिवस पर जमशेदपुर में शहीद सम्मान समारोह 26 जुलाई को, तैयारियां पूरी होने के करीब

जमशेदपुर। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर द्वारा आयोजित कारगिल विजय दिवस सह शहीद सम्मान समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 26 जुलाई 2026 (रविवार) को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में दोपहर 3 बजे से आयोजित होने वाले इस समारोह में कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों, शहीदों के परिजनों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा।

समारोह की तैयारियों की समीक्षा के लिए परिषद की बैठक साकची में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के महामंत्री जितेंद्र कुमार सिंह ने की, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत, सम्मान समारोह और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। इस अवसर पर आयोजित समारोह का उद्देश्य शहीदों और सैनिकों के योगदान को नमन करने के साथ-साथ युवाओं में राष्ट्रभक्ति और देशसेवा की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में कारगिल युद्ध में भाग लेने वाले पूर्व सैनिकों, युद्ध में घायल वीर जवानों तथा शहीद सैनिकों की वीर नारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि समारोह में शहर के प्रमुख उद्योगपति, व्यवसायी, चिकित्सक, अधिवक्ता, अभियंता, शिक्षाविद्, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी तथा जिला प्रशासन के अधिकारी भी शामिल होंगे।

बैठक में कार्यक्रम की विभिन्न जिम्मेदारियां भी तय की गईं। विशिष्ट अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान की जिम्मेदारी जितेंद्र कुमार सिंह और अवधेश कुमार को सौंपी गई है। सम्मान समारोह का संचालन दीपक शर्मा और मनोज कुमार सिंह करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संयोजन उमेश शर्मा एवं उनकी टीम करेगी, जबकि मंच और सभास्थल की साज-सज्जा का दायित्व सत्येंद्र सिंह, गौतम लाल तथा अन्य सदस्यों को दिया गया है।

परिषद के पदाधिकारियों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होकर कारगिल के वीर शहीदों और सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

बैठक में रमेश प्रसाद, मनोज कुमार सिंह, सत्येंद्र कुमार सिंह, अवधेश कुमार, अजीत कुमार झा, गौतम लाल, किशोर प्रसाद, सिद्धनाथ कुमार, प्रकाश पटेल, संजय तिवारी सहित परिषद के कई सदस्य उपस्थित रहे।

Related Post