जमशेदपुर: टाटा स्टील की ओर से एथिक्स माह के तहत आयोजित एथिक्स क्विज़ में शहर के वरिष्ठ पत्रकार परविन्दर भाटिया ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार को जुस्को सहयोग केंद्र के समीप स्थित टाउन इलेक्ट्रिकल ऑफिस के प्रथम तल के कॉन्फ्रेंस रूम में किया गया, जिसमें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के विजेताओं को टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर ने सम्मानित किया। इस अवसर पर टाटा स्टील की चीफ एथिक्स काउंसलर सोनी सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
प्रतियोगिता में अंजनी पांडेय ने दूसरा और मनप्रीत सिंह भाटिया ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। एथिक्स क्विज का आयोजन टाटा स्टील के एथिक्स माह के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य नैतिक मूल्यों, कॉर्पोरेट गवर्नेंस, जिम्मेदार पत्रकारिता तथा टाटा समूह की ईमानदारी और नैतिक परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतुल भटनागर और सोनी सिन्हा ने व्यावसायिक और सार्वजनिक जीवन में नैतिकता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सत्य, पारदर्शिता और जवाबदेही जैसे मूल्यों को बनाए रखने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार जयप्रकाश राय ने मुख्य वक्ता के रूप में पत्रकारिता में नैतिक मूल्यों, निष्पक्षता और जिम्मेदार रिपोर्टिंग की आवश्यकता पर विस्तार से अपने विचार रखे।
एथिक्स क्विज में टाटा समूह के इतिहास, टाटा कोड ऑफ कंडक्ट, कॉर्पोरेट एथिक्स, बिजनेस इंटीग्रिटी, मीडिया एथिक्स, पत्रकारिता के मानकों और मीडिया जगत से जुड़े समसामयिक विषयों पर आधारित प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने नैतिक सिद्धांतों और समकालीन मीडिया पर अपनी गहरी समझ का परिचय दिया।
कार्यक्रम का संचालन निभा शर्मा ने किया। अंत में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए और सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन मीडिया और कॉर्पोरेट जगत के बीच सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

