Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

मारवाड़ी महिला सम्मेलन की पहली कार्यकारिणी बैठक में संस्कार, सशक्तिकरण और समाजसेवा पर हुआ विचार मंथन

जमशेदपुर: झारखंड प्रादेशिक मारवाड़ी महिला सम्मेलन की प्रथम कार्यकारिणी बैठक ‘विचार मंथन’ का आयोजन रामगढ़ शाखा के आतिथ्य में मिसका बैंक्विट हॉल, रामगढ़ में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। बैठक में संस्कारों के संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और समाजसेवा को लेकर व्यापक चर्चा हुई। इसमें झारखंड की 42 शाखाओं से करीब 250 महिला सदस्यों ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा राठी ने अपने संबोधन में कहा कि “संस्कार ही हमारी सबसे बड़ी धरोहर हैं।” उन्होंने बदलते सामाजिक परिवेश में विलुप्त होते संस्कारों को पुनर्जीवित करने के लिए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया। उन्होंने अपने सूत्र वाक्य “खर्च कम, काम में दम” का उल्लेख करते हुए महिलाओं से अपनी क्षमता और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

बैठक का आयोजन पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुणा जैन के मार्गदर्शन तथा प्रदेश अध्यक्ष प्रभा पाड़िया की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित हुआ। पहले सत्र में अतिथियों का स्वागत, सम्मान और प्रेरक संबोधन हुए, जबकि दूसरे सत्र में विभिन्न शाखाओं से आई महिलाओं ने सम्मेलन की कार्यप्रणाली, योजनाओं और आगामी गतिविधियों से जुड़े सवाल रखे। राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा राठी ने सभी जिज्ञासाओं का विस्तार से समाधान किया।

बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली शाखाओं और महिला सदस्यों को कुल 35 पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने विजेताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं, सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक हासिल कर झारखंड का नाम रोशन करने वाली रांची की छात्रा अवनी केजरीवाल को भी मोमेंटो और शॉल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव बबीता बगड़िया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इसके अलावा जया डोकनिया, लता अग्रवाल, अरुणा जैन, नीरा बथवाल, रूपा अग्रवाल, मंजू खंडेलवाल, अनीता अग्रवाल, मंजू बगड़िया, तूलिका सरावगी सहित झारखंड की 10 पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और कई पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

अतिथियों ने झारखंड प्रादेशिक मारवाड़ी महिला सम्मेलन की गतिविधियों और आयोजन की सराहना की। राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा राठी और राष्ट्रीय सचिव बबीता बगड़िया ने प्रदेश इकाई द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों की प्रशंसा की।

बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष प्रभा पाड़िया ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों को रांची, धनबाद, गिरिडीह और देवघर की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कराया। इस दौरान सभी ने बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

Related Post