लातेहार। पूर्व मंत्री एवं अखिल भारतीय भुईयां समाज कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुलाल भुईयां ने कहा कि समाज की वास्तविक मजबूती सरकारी सहायता से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक परिवार की भागीदारी से आएगी। इसी उद्देश्य से भुईयां समाज ने प्रत्येक परिवार से एक मुट्ठी चावल और एक रुपये का संग्रह करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
रविवार को लातेहार के जुबली चौक स्थित होटल द कार्निवाल में आयोजित भुईयां समाज की महापंचायत को संबोधित करते हुए दुलाल भुईयां ने कहा कि प्रखंड, पंचायत, ग्राम और जिला स्तर पर एकत्र होने वाली राशि उसी क्षेत्र में सुरक्षित रखी जाएगी। इस सामूहिक सहयोग से लाखों रुपये का कोष तैयार होगा, जो आगे चलकर करोड़ों रुपये के सामाजिक फंड का रूप ले सकता है। इस राशि का उपयोग समाज के जरूरतमंद परिवारों के इलाज, बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा सहायता तथा समाज के लिए विद्यालय और अस्पताल जैसी स्थायी सुविधाओं के निर्माण में किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महापंचायत का पहला चरण लातेहार से शुरू किया गया है और इसके बाद राज्य के अन्य जिलों में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के मूल मंत्र “शिक्षित बनो, संगठित हो और संघर्ष करो” को समाज के विकास का आधार बताते हुए कहा कि शिक्षा और संगठन ही सामाजिक उत्थान का सबसे मजबूत माध्यम हैं। उन्होंने समाज के सभी लोगों से इस अभियान से जुड़कर एकजुटता का परिचय देने और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए योगदान देने की अपील की।
इससे पूर्व दुलाल भुईयां रांची स्थित सरकारी अतिथि शाला से लातेहार के लिए रवाना हुए। उनके साथ अखिल भारतीय भुईयां समाज कल्याण समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नुनु लाल भुईयां, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप भुईयां, निजी सचिव कुंज बिभार, पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विशाल नायक भुईयां सहित झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल से आए समाज के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। महापंचायत में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक विकास के संकल्प को आगे बढ़ाने का भरोसा जताया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नुनु लाल भुईयां, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप भुईयां, जिला अध्यक्ष राजेंद्र भुईयां, सरजू भुईयां, अमित भुईयां, निर्मल भुईयां, मुकेश कुमार भुईयां, रितेश भुईयां, संजय भुईयां, बीरबल भुईयां, सुजीत भुईयां, दीनानाथ भुईयां, रामसुंदर राम भुईयां, कुंज विभार, विशाल नायक भुईयां, दीपक भुईयां इत्यादि काफी संख्या में माताएं, बहनें उपस्थित होकर इस कार्यक्रम को सफल बनाया।
नया प्रखंड कमेटी गठन के तहत लातेहार प्रखंड अध्यक्ष रंजन भुईयां, बरवाडी प्रखंड अध्यक्ष वीरेंद्र भुईयां, युवा जिला अध्यक्ष रंजीत भुईयां, मनिका प्रखंड अध्यक्ष नारायण भुईयां, मनिका प्रखंड सचिव अंतू भुईयां तथा मनिका प्रखंड कोषाध्यक्ष कृष्णा भुईयां का माला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

