Breaking
Mon. Jul 20th, 2026

किरीबुरू में अनियंत्रित स्कॉर्पियो गहरी नाली में गिरी, सभी सवार सुरक्षित, बड़ा हादसा टला

किरीबुरू: किरीबुरू के सिविल ऑफिस के समीप रविवार सुबह एक स्कॉर्पियो (ओडी02एटी-0008) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरी नाली में जा घुसी। हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो आरसी चर्च की ओर से सिविल ऑफिस होते हुए जीईएल चर्च रोड की तरफ जा रही थी। सिविल ऑफिस के पास स्थित मोड़ पर चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद स्कॉर्पियो सड़क से उतरकर गहरी नाली में जा गिरी।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वाहन नाली में फंस जाने से उसे काफी नुकसान पहुंचा, लेकिन सभी सवार सुरक्षित रहने से एक बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सिविल ऑफिस के पास का यह मोड़ काफी संवेदनशील है और यहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से इस स्थान पर चेतावनी संकेतक, सुरक्षा बैरिकेड और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Related Post