गुवा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक पिता ने अपने दोनों बेटों की जान बचाने के दौरान अपनी जान गंवा दी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, गुवा के लोहार बस्ती निवासी दामु हेंब्रम अपने दोनों बेटों के साथ ठाकुरा गांव स्थित कारो नदी में स्नान करने गए थे। स्नान के दौरान अचानक दोनों बच्चे नदी के गहरे पानी और तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे। बच्चों को संकट में देखकर दामु हेंब्रम बिना देर किए नदी में कूद पड़े और पूरी कोशिश करते हुए दोनों बेटों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया।
बच्चों की जान तो बच गई, लेकिन उन्हें बचाने के दौरान दामु हेंब्रम स्वयं गहरे पानी में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें नदी से बाहर निकालकर तत्काल गुवा सेल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
बताया जाता है कि दामु हेंब्रम गुवा सेल खदान के ओएचपी विभाग में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत थे। वे अपने सरल स्वभाव और मेहनतकश जीवन के लिए इलाके में जाने जाते थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिन दो बेटों को उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर बचाया, उन्हें जीवन तो मिल गया, लेकिन हमेशा के लिए पिता का साया सिर से उठ गया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है।

