Breaking
Thu. Oct 29th, 2026

पेड़ से टकराई अनियंत्रित बाइक, युवक की मौके पर मौत, हेलमेट नहीं पहनना पड़ा भारी

जामताड़ा। फतेहपुर थाना क्षेत्र के मुर्गाबनी-नाला मुख्य सड़क पर बारहघरिया गांव के समीप गुरुवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान आसनहेरिया गांव निवासी रोविन माहली के रूप में हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

बताया गया कि रोविन माहली गुरुवार सुबह करीब 11 बजे बाइक से कहीं जा रहा था। बारहघरिया गांव के पास पहुंचने के दौरान अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि रोविन के सिर में गंभीर चोट लगी। बाइक से गिरने के बाद उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पाकर बिंदापाथर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ घटनास्थल से संबंधित जानकारी जुटा रही है। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के समय रोविन ने हेलमेट नहीं पहना था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि युवक ने हेलमेट पहना होता तो सिर में लगी गंभीर चोट से बचाव संभव हो सकता था। हादसे ने एक बार फिर दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता और सड़क सुरक्षा के प्रति सावधानी की जरूरत को सामने ला दिया है।

Related Post

You Missed