चतरा : हंटरगंज थाना क्षेत्र के जजलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान से 26 जून को बरामद युवती दिव्या कुमारी के शव मामले का चतरा पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के गया जिले के बांकेबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत खरांटी गांव निवासी नेपाली गंझू के रूप में हुई है। मामले की जानकारी बुधवार को चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
एसडीपीओ ने बताया कि मृतका दिव्या कुमारी बिहार के डोभी थाना क्षेत्र के अछमा गांव की रहने वाली थी। उसका शेरघाटी थाना क्षेत्र के कुबड़ी गांव निवासी राहुल यादव के साथ प्रेम संबंध था। किसी विवाद के बाद दिव्या ने राहुल यादव के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन था।
कोर्ट में गवाही से बचने के लिए रची हत्या की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल यादव लगातार दिव्या पर दर्ज मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था, लेकिन दिव्या इसके लिए तैयार नहीं हुई। राहुल को आशंका थी कि यदि दिव्या न्यायालय में उसके खिलाफ गवाही देगी तो उसे सजा हो सकती है। इसी डर से उसने दिव्या को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
एसडीपीओ ने बताया कि राहुल यादव ने नेपाली गंझू को दो लाख रुपये की सुपारी देकर दिव्या की हत्या कराने की योजना बनाई। योजना के तहत दोनों ने मिलकर दिव्या की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र स्थित जजलो गांव की बंद पड़ी पत्थर खदान में ले जाकर फेंक दिया।
तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान से खुला राज
शव मिलने के बाद हंटरगंज थाना में हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने विशेष जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्य, वैज्ञानिक जांच और विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ के आधार पर पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने में सफल रही। इसी क्रम में नेपाली गंझू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।
मुख्य आरोपी राहुल यादव की तलाश जारी
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि हत्या का मुख्य साजिशकर्ता राहुल यादव फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। छापेमारी अभियान में हंटरगंज थाना के इंस्पेक्टर विपिन कुमार और हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार शामिल थे।

