जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र में तैनात टाइगर मोबाइल के एक पुलिस जवान पर एक महिला ने छेड़खानी का आरोप लगाते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत की है। महिला ने लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
महिला का आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान सलमान ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और छेड़खानी की। शिकायत में उसने कहा है कि वह न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस प्रशासन के पास पहुंची है और चाहती है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।
वहीं, जुगसलाई थाना प्रभारी ने महिला के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें निराधार और भ्रामक बताया है। थाना प्रभारी का कहना है कि शिकायतकर्ता महिला कथित तौर पर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में पहले से पुलिस के रडार पर रही है तथा उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। उनका आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई से बचने और दबाव बनाने के उद्देश्य से इस तरह की शिकायत की गई है।
इधर, शिकायत मिलने के बाद मामला वरीय पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में पहुंच गया है। पुलिस प्रशासन ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी पक्ष को सही या गलत ठहराना उचित नहीं होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निष्पक्ष जांच के बाद ही मामले में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

