Breaking
Thu. Jul 16th, 2026

रथयात्रा पर श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में नवग्रह वाटिका की रखी गई आधारशिला, सरयू राय ने किया पौधरोपण

जमशेदपुर: भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के पावन अवसर पर केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में नवग्रह वाटिका की आधारशिला रखी गई। मंदिर के तृतीय स्थापना दिवस पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने देवगुरु बृहस्पति से जुड़े पीपल के पौधे का रोपण कर वाटिका निर्माण की औपचारिक शुरुआत की।

इस अवसर पर सरयू राय ने बताया कि मंदिर परिसर में 25×25 फीट क्षेत्रफल में नवग्रह वाटिका विकसित की जाएगी। इसमें नौ ग्रहों के अनुरूप अलग-अलग स्थान निर्धारित किए जाएंगे, जहां प्रत्येक ग्रह से संबंधित धार्मिक मान्यता वाले वृक्ष लगाए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक चबूतरे पर संबंधित ग्रह की प्रतिमा स्थापित की जाएगी, ताकि श्रद्धालु एक ही स्थान पर नवग्रहों की पूजा-अर्चना कर सकें। उन्होंने कहा कि अन्य ग्रहों से संबंधित पौधों का रोपण उनके निर्धारित वार के अनुसार किया जाएगा। नवग्रह वाटिका का निर्माण आगामी शारदीय नवरात्र तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

सरयू राय ने बताया कि 15 जुलाई को महामंडलेश्वर स्वामी उमाकांतानंद जी महाराज मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने नवग्रह वाटिका के लिए स्थल का चयन किया और शंखनाद तथा नारियल फोड़कर विधिवत भूमि पूजन कराया। इस दौरान मंदिर परिसर में स्थापित सभी देवी-देवताओं के विग्रहों का विशेष पूजन भी संपन्न हुआ।

उन्होंने बताया कि बुधवार से श्री तुलसीदास रचित रामचरितमानस का अखंड पाठ चल रहा था, जिसका समापन गुरुवार को हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच खीर, पूड़ी, चटनी और मिक्स वेज का प्रसाद वितरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में भगवान श्री लक्ष्मीनारायण, मां काली, भगवान शिव, श्री गणेश एवं श्री हनुमान जी के विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा वर्ष 2024 में आषाढ़ शुक्ल द्वितीया, यानी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दिन संपन्न हुई थी। इस बार उसी अवसर पर मंदिर ने अपना तीसरा स्थापना दिवस भी मनाया।

समस्त धार्मिक अनुष्ठान मंदिर के मुख्य पुजारी विनोद पांडेय ने संपन्न कराए। कार्यक्रम में जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, नीरज सिंह, साकेत गौतम, असीम पाठक, अशोक कुमार, विकास सिंह, समरेश सिंह, कुणाल कुमार, राहुल, दुर्गा कुमार, पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Post