Breaking
Wed. Jul 15th, 2026

मझगांव की घटना पर आदिवासी हो समाज युवा महासभा और मानकी-मुंडा संघ की आपात बैठक, 16 जुलाई को पड़सा मैदान में होगी सभा

चाईबासा: मझगांव थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना को लेकर बुधवार को आदिवासी हो समाज युवा महासभा और मानकी-मुंडा संघ की संयुक्त आपातकालीन बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इपिल सामड ने की। बैठक में घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए इसकी निंदा की गई तथा आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक में इपिल सामड ने कहा कि आदिवासी हो समाज युवा महासभा इस घटना की कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि समाज की सुरक्षा, शांति और प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से 16 जुलाई 2026 को मझगांव के पड़सा मैदान में एक विशाल आपातकालीन बैठक आयोजित की जाएगी।

इपिल सामड ने समाज के बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं तथा आदिवासी हो समाज के सभी लोगों से बैठक में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से विचार-विमर्श कर उचित निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी का उद्देश्य प्रभावित लोगों को न्याय दिलाना तथा क्षेत्र में शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना है।

बैठक में मानकी-मुंडा संघ के केंद्रीय अध्यक्ष गणेश पाट पिंगुवा ने भी घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए समाज से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कानून का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी जानी चाहिए।

बैठक में आदिवासी हो समाज युवा महासभा के कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र पुरती, महिला महासभा अध्यक्ष अंजू सामड, पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष शेरसिंह बिरुवा, जिला सचिव ओयबन हेम्ब्रम, जिला कोषाध्यक्ष सत्यभरत बिरुवा, आशीष तिरिया, कमलेश बिरुवा, सिनी पुरती, यशवंती सिंकु सहित अन्य पदाधिकारी और समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने 16 जुलाई को आयोजित होने वाली आपातकालीन सभा को सफल बनाने और समाज में शांति, एकता तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

Related Post