Breaking
Mon. Oct 26th, 2026

बाग-ए-जमशेद गोलचक्कर पर ऑटो चालकों और कार सवार में मारपीट, कई घायल

जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के बाग-ए-जमशेद गोलचक्कर के पास सोमवार को ऑटो चालकों और कार सवार के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई। अचानक हुए विवाद से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। घटना में तीन से चार लोगों के घायल होने की सूचना है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

बताया जाता है कि सड़क पर दो ऑटो के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना को लेकर कार सवार और ऑटो चालकों की ओर से अलग-अलग बातें सामने आई हैं। कार चालक का आरोप है कि दो ऑटो के बीच टक्कर होने से एक ऑटो पलट गया और इसी दौरान दूसरा ऑटो उसकी कार पर आ गिरा। इसके बाद ऑटो चालकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

वहीं ऑटो चालकों का कहना है कि उनकी कार से किसी प्रकार की टक्कर नहीं हुई थी। उनका आरोप है कि ऑटो पलटने के बाद कार सवार ने उनसे विवाद शुरू किया और मारपीट की, जिसके बाद मामला बढ़ गया।

घटना में घायल लोगों की सही संख्या और उनकी पहचान की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले जाकर मामले की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Post