Breaking
Mon. Oct 5th, 2026

हल्दीपोखर में एडवोकेट के घर 17 लाख की चोरी, पांच चोर सीसीटीवी में कैद

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर हृदय नगर में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने एडवोकेट जावेद जमाल के घर का ग्रिल का ताला तोड़कर करीब 17 लाख रुपये की चोरी कर ली। चोरी की वारदात में करीब 16 लाख रुपये के जेवरात और 95 हजार रुपये नकद शामिल हैं। घटना के बाद कोवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

एडवोकेट जावेद जमाल के अनुसार, रविवार रात करीब दो से तीन बजे के बीच पांच की संख्या में चोर उनके घर में घुसे। रात करीब 3:10 बजे जब उनकी नींद खुली तो उन्हें आंखों में तेज जलन महसूस हुई। उन्होंने पानी से आंखें साफ करने के बाद घर के अंदर देखा तो उनके पिता के कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। बाहर जाकर देखने पर मुख्य गेट भी खुला मिला। इसके बाद उन्होंने अपनी मां को जगाया और पिता के कमरे की जांच की।

जांच के दौरान कमरे में रखा गोदरेज टूटा हुआ मिला। उसमें रखे करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 95 हजार रुपये नकद गायब थे। परिजनों को चोरी का पता चलते ही कोवाली थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस सुबह करीब चार बजे जावेद जमाल के घर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

परिवार के अनुसार, घर के समीप लगे सीसीटीवी कैमरे में पांच संदिग्ध चोरों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही चोरों की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है।

Related Post