Breaking
Sun. Oct 4th, 2026

विजया गार्डन की 10वीं मंजिल से कूदे टाटा स्टील के पूर्व चीफ, मौत; जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित विजया गार्डन फेज-7 में सोमवार तड़के टाटा स्टील के मर्चेंट मिल के पूर्व चीफ संदीप पाल ने 10वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। 62 वर्षीय संदीप पाल के इस कदम से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार संदीप पाल पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। करीब 15 दिन पहले वह अपनी बेटी को बीकॉम की पढ़ाई के लिए मुंबई के एक कॉलेज में छोड़कर जमशेदपुर लौटे थे। बताया गया कि मुंबई में बेटी के रहने और वहां की परिस्थितियों को लेकर वह काफी चिंतित थे। इसके बाद से उनकी परेशानी बढ़ गई थी और वह तनाव में रहने लगे थे।

घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Related Post