Breaking
Tue. Jul 14th, 2026

विधायक सरयू राय के चित्र के कथित अपमान पर जद (यू) ने दर्ज कराई शिकायत, कार्रवाई की मांग

जमशेदपुर: मानगो गोलचक्कर पर कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के दौरान जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के चित्र के कथित अपमान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने मानगो थाना में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मंगलवार को जद (यू) जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद को सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने विधायक सरयू राय के चित्र पर गुटखा थूका, अभद्र टिप्पणियां कीं और सार्वजनिक रूप से उनका अपमान किया। शिकायत में घटना में कथित रूप से शामिल लोगों के नामों का भी उल्लेख करते हुए उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

इस संबंध में जद (यू) पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि के चित्र का अपमान करना लोकतांत्रिक परंपराओं और सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि वैचारिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हो सकते हैं, परंतु व्यक्तिगत स्तर पर अपमानजनक व्यवहार किसी भी स्थिति में उचित नहीं माना जा सकता।

जद (यू) नेताओं ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ शीघ्र और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई होने से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा होगी और भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति पर रोक लगेगी।

शिकायत सौंपने के दौरान प्रतिनिधिमंडल में पप्पू सिंह, नीरज सिंह, अमृता मिश्रा, दिनेश सिंह, विकास साहनी, विकास रजक, मृत्युंजय शर्मा, प्रेम सक्सेना, दीपक गौड़, लालू गौर, प्रवीण सिंह, मुस्ताक अहमद, मनोज गुप्ता, विनोद सिंह, अख्तर, विजेंद्र सिंह, रीना डे, बीरू सिंह, राजीव सिंह समेत जनता दल (यू) के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post