Breaking
Sun. Sep 13th, 2026

NH-19 पर लूट के प्रयास में नाइट गार्ड को मारी गोली, तीन नकाबपोश बदमाश फरार

जामताड़ा/आसनसोल। आसनसोल के व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर शनिवार देर रात लूट की कोशिश के दौरान तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक नाइट गार्ड को गोली मार दी। दिल्ली पब्लिक स्कूल के समीप हुई इस वारदात में 43 वर्षीय हरीदास लायक के पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद भी हरीदास ने साहस दिखाते हुए हमलावरों का मोबाइल से वीडियो बनाने का प्रयास किया। कैमरे की नजर पड़ते ही बदमाश मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार सालानपुर ब्लॉक की अल्लाडी पंचायत के धागुड़ी गांव निवासी हरीदास लायक बाइक से आसनसोल स्थित श्रीहरि ग्लोबल स्कूल में नाइट ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान डीपीएस के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने कथित तौर पर उनका बैग छीनने का प्रयास किया। हरीदास ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान दो राउंड गोली चलने की बात सामने आई है, जिसमें एक गोली हरीदास के पैर में लगी।

घटना के बाद घायल हरीदास को तत्काल सालानपुर थाना पुलिस ने इलाज के लिए ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घटनास्थल से एक कारतूस का खोखा भी बरामद किया है। वारदात के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार, डीसी वेस्ट साना अख्तर और डीसी सेंट्रल ध्रुव दास समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है।

Related Post