Breaking
Tue. Jul 14th, 2026

जगन्नाथ रथ यात्रा को लेकर जमशेदपुर में ट्रैफिक व्यवस्था बदली, 16 जुलाई को दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री

जमशेदपुर: भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के मद्देनजर 16 जुलाई को जमशेदपुर में यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है। जिला प्रशासन ने रथ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने के साथ भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया है। इस दिन दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। रथ यात्रा समाप्त होने के बाद पूर्व निर्धारित नो-एंट्री व्यवस्था फिर से लागू कर दी जाएगी।

इस संबंध में उपायुक्त राजीव रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारिब तथा यातायात डीएसपी नीरज ने संयुक्त आदेश जारी किया है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्ट रूट का ही उपयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

रथ यात्रा के दौरान बिष्टुपुर की मुख्य सड़क पर सामान्य वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। वोल्टास से रीगल गोलचक्कर तक दोनों ओर का मार्ग भी बंद रहेगा। वोल्टास की ओर से साकची जाने वाले वाहनों को खरकई रोड, मैला टंकी, तुलसी भवन, सोनेट होटल, धतकीडीह, लोयोला स्कूल और जुबली पार्क होते हुए साकची की ओर भेजा जाएगा। वहीं, साकची से जुगसलाई जाने वाले वाहन रीगल गोलचक्कर, तुलसी भवन, मैला टंकी, खरकई रोड और वोल्टास गोलचक्कर के रास्ते जुगसलाई पहुंचेंगे।

गोलमुरी की ओर से साकची और बिष्टुपुर आने वाले वाहनों को जेएनएसी चौक, नया रोड और करीम सिटी कॉलेज गोलचक्कर होकर बिष्टुपुर की ओर मोड़ा जाएगा। वहीं मानगो से बिष्टुपुर और जुगसलाई जाने वाले वाहन मरीन ड्राइव के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

जब रथ यात्रा बड़े हनुमान मंदिर से मानगो चौक होते हुए डिमना चौक की ओर बढ़ेगी, तब साकची की ओर से आने वाले वाहनों को मानगो चौक से मानगो थाना और पारडीह चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद जब रथ यात्रा डिमना चौक से ट्रांसपोर्ट नगर होते हुए राजस्थान भवन की ओर जाएगी, तब डिमना चौक की ओर आने वाले वाहनों को वहीं रोककर पारडीह चौक की दिशा में भेजा जाएगा। वहां से उन्हें मानगो चौक की ओर मोड़ा जाएगा।

सुंदरनगर की ओर से साकची और बिष्टुपुर आने वाले वाहनों को करणडीह चौक, घाघीडीह जेल, पानी टंकी, मजार, केंद्रीय विद्यालय और चाईबासा बस स्टैंड होते हुए रेलवे स्टेशन की ओर भेजा जाएगा। दोपहिया वाहन मंदिर के बगल वाली गली से होकर मजार, केंद्रीय विद्यालय और चाईबासा बस स्टैंड के रास्ते रेलवे स्टेशन की ओर जा सकेंगे।

प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से रथ यात्रा मार्ग पर वाहन लेकर नहीं आने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Post