Breaking
Sun. Sep 13th, 2026

पोस्तिया में नकली विदेशी शराब बनाने की मिनी फैक्ट्री पकड़ी, 227 लीटर से अधिक शराब जब्त

चतरा। अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चतरा उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने वशिष्ठ नगर जोरी थाना क्षेत्र के पोस्तिया गांव के बरवा टोला में छापेमारी कर एक घर में चल रही नकली विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 600 बोतल नकली विदेशी शराब जब्त की, जिसकी कुल मात्रा 227.250 लीटर बताई गई है। इसके अलावा 30 लीटर स्पिरिट और एक मारुति स्विफ्ट कार भी बरामद की गई है।

उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पोस्तिया में अनिल यादव के घर पर अवैध तरीके से विदेशी शराब तैयार कर बाजार में खपाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर छापेमारी की तो वहां नकली शराब तैयार करने का काम चल रहा था। जांच में सामने आया कि स्पिरिट में कैरेमल और एसेंस मिलाकर शराब तैयार की जाती थी। इसके बाद तैयार शराब को ब्रांडेड कंपनियों की बोतलों में भरकर उन पर नकली लेबल और होलोग्राम लगाए जाते थे। तैयार शराब को बाजार में बेचने की तैयारी थी।

कार्रवाई के दौरान इस मामले में राहुल कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मिनी फैक्ट्री का मुख्य आरोपी अनिल यादव मौके से फरार होने में सफल रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए उत्पाद विभाग की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपी समेत अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

बताया गया कि इसी स्थान पर उत्पाद विभाग ने 16 अप्रैल 2026 को भी छापेमारी की थी। उस समय भी अवैध शराब की मिनी फैक्ट्री का खुलासा हुआ था और 600 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद की गई थी। उस कार्रवाई में अनिल यादव समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। इसके बावजूद उसी स्थान पर दोबारा अवैध शराब का कारोबार संचालित किए जाने से अभियान की गंभीरता और बढ़ गई है।

उत्पाद विभाग के अधीक्षक ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गणेश पूजा और करमा पर्व को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि पर्व के दौरान नकली अथवा अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार छापेमारी कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी दल में अवर निरीक्षक उत्पाद अभिषेक आनंद, उत्पाद आरक्षी, गृहरक्षक बल, महिला गृहरक्षक सहित अन्य अधिकारी और कर्मी शामिल थे।

Related Post