Breaking
Sun. Sep 13th, 2026

हथौड़ा अभियान के विरोध में बोकारो चैंबर ने उपायुक्त से की मुलाकात, संयुक्त बैठक पर बनी सहमति

बोकारो। सिटी सेंटर में बोकारो इस्पात प्रबंधन द्वारा कथित रूप से उपायुक्त, बोकारो के निर्देश का हवाला देते हुए दुकानों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर हथौड़ा चलाकर कार्रवाई किए जाने तथा व्यापारियों के बीच भय और दहशत का वातावरण उत्पन्न किए जाने का बोकारो चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने कड़ा विरोध किया है।

इस संबंध में बोकारो चैंबर के महामंत्री राजकुमार जायसवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त, बोकारो श्री अजय नाथ झा से उनके कार्यालय में मुलाकात कर सिटी सेंटर में इस्पात प्रबंधन द्वारा चलाए जा रहे हथौड़ा अभियान एवं व्यापारियों के उत्पीड़न के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

प्रतिनिधिमंडल को उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने स्पष्ट रूप से बताया कि बोकारो इस्पात प्रबंधन को उनकी ओर से इस प्रकार की कोई कार्रवाई करने का निर्देश नहीं दिया गया है। उन्होंने हथौड़ा चलाकर व्यापारियों को भयभीत किए जाने की कार्रवाई को निंदनीय बताया।

चैंबर महामंत्री राजकुमार जायसवाल के आग्रह पर उपायुक्त महोदय ने अपनी अध्यक्षता में बोकारो इस्पात प्रबंधन एवं बोकारो चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की संयुक्त बैठक आयोजित करने पर सहमति प्रदान की, ताकि पूरे मामले का उचित समाधान निकाला जा सके।

इसके पश्चात बोकारो चैंबर के एक प्रतिनिधिमंडल ने श्री कुंदन कुमार, मुख्य महाप्रबंधक, नगर सेवा विभाग, बोकारो इस्पात संयंत्र से उनके कार्यालय में मुलाकात कर सिटी सेंटर में चलाए जा रहे हथौड़ा अभियान को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि व्यापारियों के बीच भय का वातावरण उत्पन्न कर किसी समस्या का समाधान नहीं किया जा सकता। बातचीत एवं आपसी सहमति के माध्यम से ही स्थायी समाधान निकाला जाना चाहिए।

इस दौरान सिटी सेंटर के बड़ी संख्या में व्यापारियों ने चिह्नित पार्किंग स्थलों को अतिक्रमणमुक्त करने की कार्रवाई का समर्थन करते हुए मुख्य महाप्रबंधक के समक्ष अपनी बात रखी। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि वे पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के पक्ष में हैं, लेकिन इसके नाम पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों को हथौड़ा चलाकर नुकसान पहुँचाना और व्यापारियों को भयभीत करना स्वीकार्य नहीं है।

बोकारो चैंबर के महामंत्री राजकुमार जायसवाल ने कहा कि चैंबर व्यापारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ शहर में बेहतर यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था का भी समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं इस्पात प्रबंधन को व्यापारियों की समस्याओं को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। हथौड़ा अभियान तत्काल बंद कर संवाद के माध्यम से समाधान निकाला जाना चाहिए।

चैंबर के संरक्षक संजय बैद ने कहा कि बोकारो चैंबर के लगातार प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उपायुक्त बोकारो एवं मुख्य महाप्रबंधक नगर सेवा विभाग के स्तर पर हुई पहल से सिटी सेंटर के व्यवसायियों को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि चैंबर आगे भी व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी मजबूती से प्रयास करता रहेगा।

मौके पर नरेंद्र सिंह, मुकेश अग्रवाल, अंकित चोपड़ा, महेश गुप्ता, कमलेश जायसवाल, चंदन कुमार, गौतम जैन, पुनीत जौहर, शिखर रस्तोगी, केतन मेहता, संदीप जायसवाल, नरेश अग्रवाल, राजकुमार गुप्ता, राजीव कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं चैंबर के सदस्य उपस्थित थे।

Related Post