चाईबासा: मारवाड़ी युवा मंच, चाईबासा की ओर से रविवार सुबह गौशाला परिसर में पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष नन्द किशोर अग्रवाल के सम्मान में आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के संयोजक कनहैया गर्ग तथा सह-संयोजक आदित्य राज अग्रवाल ने पौधारोपण, भूमि की तैयारी और पूरे कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मंच के सलाहकार पुरुषोत्तम शर्मा और प्रमोद नेवटिया भी मौजूद रहे। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा मंच के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में लीलेश खिरवाल, मुकेश अग्रवाल, गोविन्द मोहता, आशीष चौधरी, ओम केड़िया, प्रशांत मोहता, अजय मोहता और प्रियम चिरानिया ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने परिसर की साफ-सफाई की तथा पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि समाज में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जा सके। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के पौधों की देखभाल करने के संकल्प के साथ हुआ।

